तेंदुआ के हमले से बुजुर्ग महिला घायल, वन विभाग ने दिया 5 हजार रुपये की सहायता राशि।

बिलाईगढ़– सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में बुधवार देर रात घर के बाहर सो रही बुजुर्ग महिला पर एक तेंदुआ ने हमला कर दिया। घायल महिला को इलाज के लिए सारंगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चीता के हमले के पूरे गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। जानकारी के अनुसार, सारंगढ़ के गोमर्डा अभ्यारण से लगे हुए गांव मल्दा में घर के सामने बुजुर्ग महिला दुखदाई पति सीताराम चौहान (72 साल) देर रात सो रही थी। इसी दौरान अचानक एक तेंदुए ने अचानक महिला पर हमला कर घायल कर दिया है। महिला की चीख सुनकर घर के अन्य सदस्य महिला के पास पहुंचे। जिसके बाद तेंदुआ वापस जंगल की ओर भाग गया।
इलाज के लिए 5 हजार रुपये की सहायता राशि दी
इसके बाद परिजनों ने एक निजी वाहन के जरिये घायल महिला को सारंगढ़ अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं वन विभाग के अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी है। तेंदुआ के हमले से महिला के पीठ की तरफ चोटें आई है। वन विभाग को घटना की जानकारी मिलते घायल महिला के परिजनों को इलाज के लिए 5 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई।
दहशत में गांव के लोग
ग्रामीणों ने बताया कि मल्दा ब गांव बरमकेला-सारंगढ़ मार्ग के बीच में मुख्य मार्ग में स्थित है। यहां पर 24 घंटे वाहनों का आवागमन रहता है। साथ ही साथ यह गांव जंगल से लगा हुआ है। ऐसे में बीती रात तेंदुआ के द्वारा महिला पर हमला किए जाने के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। साथ ही इस रास्ते में गुजरने वाले राहगीरों में भी अब डर की स्थिति पैदा हो गई है।
लंबे समय से गोमर्डा में विचरण कर रहा तेंदुआ
बताया जा रहा है कि गोमर्डा अभ्यारण के जंगलों में एक लंबे समय से यहां तेंदुआ विचरण करते आ रहा है। वन विभाग के द्वारा जंगलों में लगाए गए ट्रैप कैमरों से तेंदुआ पर निगरानी रखने की बात भी कही जाती रही है। इसके अलावा सड़क किनारे तेंदुआ का विचरण करते हुए वीडियो भी पिछले साल सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ था।